*जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति जल्द, मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से MBBS कक्षाएं शुरू कराने की कवायद* *स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मिले विधायक शिव अरोरा, जिला अस्पताल में रिक्त पद भरने और NMC की कमियां दूर करने का उठाया मुद्दा*

Spread the love

*जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति जल्द, मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से MBBS कक्षाएं शुरू कराने की कवायद*

*स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मिले विधायक शिव अरोरा, जिला अस्पताल में रिक्त पद भरने और NMC की कमियां दूर करने का उठाया मुद्दा*

रुद्रपुर। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने देहरादून में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर रुद्रपुर की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। विधायक ने जिला अस्पताल में रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों पर शीघ्र नियुक्ति तथा राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS कक्षाएं शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री को अलग-अलग पत्र सौंपते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय रुद्रपुर ऊधमसिंह नगर जिले का प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है। यहां रुद्रपुर के साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों के कई पद रिक्त होने के कारण मरीजों को उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों का रुख करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थानांतरण, सेवानिवृत्ति और अन्य कारणों से अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली हुए हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते गंभीर और जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ, समय और परेशानी का सामना करना पड़ता है।

शिव अरोरा ने स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, आर्थोपेडिक, पैथोलॉजिस्ट समेत आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध होने से मरीजों को जिला मुख्यालय पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा और अनावश्यक रेफरल में कमी आएगी।

मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से MBBS शुरू कराने की मांग

विधायक ने राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS की पढ़ाई शुरू कराने का मुद्दा भी स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत ऊधमसिंह नगर सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा और भविष्य में प्रदेश को प्रशिक्षित चिकित्सक भी उपलब्ध होंगे।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की टीम द्वारा निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान आवश्यक फैकल्टी और अन्य मूलभूत संसाधनों से संबंधित कुछ कमियां सामने आई हैं। विधायक ने इन कमियों को जल्द दूर कर NMC के निर्धारित मानकों को पूरा कराने की मांग की, ताकि आवश्यक मान्यता और अनुमोदन की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

शिव अरोरा ने स्वास्थ्य मंत्री से संबंधित विभागों और अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर आवश्यक फैकल्टी, संसाधन और अन्य व्यवस्थाएं जल्द पूरी कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से जिला अस्पताल समेत क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी और रुद्रपुर में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने विधायक को दोनों विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने की प्रक्रिया पर वह स्वयं नजर बनाए हुए हैं और इसी वर्ष रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में MBBS कक्षाएं शुरू कराने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। साथ ही जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही रिक्त पदों पर चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित कराने की बात कही।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करना तत्काल आवश्यकता है, जबकि मेडिकल कॉलेज में MBBS कक्षाओं की शुरुआत रुद्रपुर के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम है। दोनों विषयों पर प्रभावी कार्रवाई होने से रुद्रपुर समेत पूरे ऊधमसिंह नगर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *