*धामी कैबिनेट ने 23 प्रस्तावों पर लगाई मुहर, आशाओं का मानदेय 10 हजार रुपये हुआ* *वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष, पीजी डॉक्टरों को दो साल सरकारी सेवा अनिवार्य; हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने को मंजूरी*

### *धामी कैबिनेट ने 23 प्रस्तावों पर लगाई मुहर, आशाओं का मानदेय 10 हजार रुपये हुआ*

 

*वन आरक्षी भर्ती की आयु सीमा 28 वर्ष, पीजी डॉक्टरों को दो साल सरकारी सेवा अनिवार्य; हरिद्वार में तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने को मंजूरी*

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में सरकारी भर्ती, स्वास्थ्य सेवाओं, श्रमिक कल्याण, औद्योगिक विकास, शहरी सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने, वन आरक्षी भर्ती की अधिकतम आयु सीमा में छूट देने और सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो साल की अनिवार्य सेवा का प्रावधान प्रमुख फैसलों में शामिल रहा।

 

कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 1700 रुपये की वृद्धि को मंजूरी दी है। अब उन्हें 8300 रुपये के बजाय 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।

 

वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इसके साथ ही उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को भी मंजूरी दी गई। आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद सृजित किए जाएंगे। इससे विभाग में कुल 11 नए पद बढ़ेंगे।

 

राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों को पढ़ाई पूरी करने के बाद दो साल प्रदेश में सरकारी सेवा देना अनिवार्य होगा। इसके लिए सरकार डॉक्टरों के साथ अनुबंध और बॉन्ड की व्यवस्था लागू करेगी। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के उत्तराखंड फार्मा संवर्ग में संशोधन को भी मंजूरी दी गई है। अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। पहले केवल डी फार्मा अभ्यर्थी पात्र थे। चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी स्वीकृति दी गई।

 

श्रम विभाग के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष गठित किया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई। सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने का निर्णय भी लिया गया।

 

पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों को ऋण उपलब्ध कराने में मदद के लिए सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देगी। वहीं, खनन विभाग के तहत जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि, खनिजों की रॉयल्टी दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई है।

 

हरिद्वार में 21.08 किलोमीटर लंबाई के तीन पीआरटी कॉरिडोर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इन कॉरिडोर में कुल 21 स्टेशन होंगे। पहले कॉरिडोर का निर्माण सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15 किलोमीटर लंबाई में किया जाएगा। परियोजना से शहर में यातायात का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

कैबिनेट ने भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के प्रावधानों में शिथिलता देने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्राधिकरण, यूडीए और शासन स्तर पर अनुमति देने की व्यवस्था की जाएगी। राज्य में भू-उपयोग परिवर्तन की दरों में भी करीब 25 प्रतिशत की कमी की गई है।

 

बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि सहित बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर कैबिनेट ने सैद्धांतिक सहमति दी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत राज्य सरकार इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।

 

उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत पेयजल योजनाओं के बेहतर संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

 

उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित की गई है। समिति की संस्तुतियों के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा। राजस्व निरीक्षक सेवा नियमावली में संशोधन के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समिति गठित करने का फैसला किया गया है।

 

उत्तराखंड राज्य नियोजन आयोग के तहत सेतु आयोग के ढांचे और आईटी से संबंधित पदों को मंजूरी दी गई। उत्तराखंड महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली को भी स्वीकृति मिली। राज्य में निर्माण कार्य नहीं करने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को सूचीबद्ध संस्थानों से हटाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पंचम विधानसभा के मानसून सत्र का सत्रावसान करने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान की।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement