### *कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों का विधायक बेहड़ ने किया स्वागत*
*2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन मजबूत करने पर दिया जोर, एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान*
रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के रुद्रपुर स्थित आवास पर कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधि प्रकोष्ठ के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अजय नारायण यादव, जिला सचिव राजीव सिंह तथा प्रदेश सचिव इंद्रजीत सिंह बिट्ठा का विधायक तिलक राज बेहड़ ने पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी की अहम भूमिका है। विधि प्रकोष्ठ पार्टी का महत्वपूर्ण अंग है, जो संवैधानिक मूल्यों, कानून के शासन और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में योगदान देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपने अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के बल पर विधि प्रकोष्ठ को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कांग्रेसजनों को आपसी समन्वय, एकजुटता और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में विधि प्रकोष्ठ की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष आरपी सिंह, सचिव एडवोकेट आरएस रावत, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सर्वेश सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता उमा गक्खर, सूरज सक्सेना, गिरिराज कुमार, अधिवक्ता अरविंद सक्सेना, वीरेंद्र सिंह रावत, नितिन गक्खर समेत अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं अधिवक्ता मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।



