### *तराई के विभिन्न समाजों ने अधिकारों की मांग को लेकर उठाई आवाज, सैकड़ों लोग पहुंचे जिला मुख्यालय*
*देसी, पूर्वांचल और बंगाली समाज की मांगों को लेकर प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, संवैधानिक अधिकार एवं सम्मान की मांग*
रुद्रपुर। तराई क्षेत्र में निवास करने वाले देसी समाज, पूर्वांचल समाज, बंगाली समाज सहित विभिन्न समुदायों के अधिकारों और वर्षों से लंबित मांगों को लेकर सोमवार को सैकड़ों लोग जिला मुख्यालय पहुंचे। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी मांगों को उठाया और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।
कार्यक्रम में सुब्रत कुमार विश्वास ने विभिन्न समाजों को एक मंच पर लाकर उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने और सामाजिक एकता का संदेश देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तराई क्षेत्र में निवास करने वाले विभिन्न समुदायों की समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन तथा केंद्र सरकार तक पहुंचाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
ज्ञापन के माध्यम से देसी समाज के प्रतिनिधियों ने तराई में लंबे समय से निवास कर रहे लोगों की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक समस्याओं को उठाते हुए सम्मान, समान अवसर, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों ने भी अपने अधिकारों एवं वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
इस दौरान बंगाली समाज की ओर से पात्र समुदायों को अनुसूचित जाति (एससी) का दर्जा और संबंधित संवैधानिक अधिकार प्रदान करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रतिनिधियों ने जाति प्रमाणपत्र, आरक्षण एवं अन्य सुविधाओं को लेकर सरकार से स्पष्ट निर्णय लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर सुब्रत कुमार विश्वास ने कहा कि तराई क्षेत्र के विभिन्न समाजों के अधिकार, सम्मान और न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा। किसी भी समाज के अधिकारों का हनन पूरे समाज और मानवता के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह पहल किसी जाति, धर्म या राजनीतिक विचारधारा के विरोध में नहीं, बल्कि शोषण, अन्याय और अधिकारों के हनन के खिलाफ है। विभिन्न समुदायों की समस्याएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन सम्मान, समानता और अधिकारों की आवश्यकता सभी को है। इसलिए सभी समाजों को एक-दूसरे के संघर्ष में सहयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम में श्रद्धेय श्री श्री 108 स्वामी शिवानंद जी महाराज, श्री कल्याण सिंह (अध्यक्ष, देशज), श्री सत्य प्रकाश यादव, श्री हिम्मत सिंह, श्री जगदीश प्रसाद शर्मा, डॉ. भूपेंद्र गंगवार, श्री दिनेश, डॉ. हेमंत सिंह चौहान, श्री अभय प्रताप, श्री शिवाजी सिंह (सर्वोदय संस्कृति समिति), श्री अनंत रामपाल, श्री जेएन तिवारी, श्री जमुना प्रसाद, श्री जुगल बल्लभ (अधिवक्ता), श्री सबाहत हुसैन खान, श्री बुद्ध सेन गंगवार, श्री विजय राठौड़, श्री उमाशंकर मिश्रा, डॉ. केपी सिंह, श्री गेंदनलाल चंद्र, श्री राम प्रसाद चंद्र, श्री ओमकार, श्री रूप दर्शन, श्री पूरनलाल एवं श्री धर्मपाल चंद्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
महिला समाजसेवियों में श्रीमती आशा कल्याण सिंह, श्रीमती गीता शर्मा, बहन सूरजमुखी (ब्रह्माकुमारी), श्रीमती सीमा शर्मा, श्रीमती रंजू, श्रीमती रेखा बिष्ट, श्रीमती गंगा बिष्ट, श्रीमती प्रतिभा तिवारी, श्रीमती उर्मिला मिश्रा एवं श्रीमती राजरानी राजपूत सहित अन्य महिलाओं ने भी सहभागिता की।



