*_सलमान खान को नोटिस, कोर्ट ने 20 जनवरी को हाजिर होने का आदेश दिया_*

*_सलमान खान को नोटिस, कोर्ट ने 20 जनवरी को हाजिर होने का आदेश दिया_*

कोटा : पान मसाला के भ्रामक विज्ञापन का आरोप लगाते हुए फिल्म अभिनेता और बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान सहित अन्य के खिलाफ कोटा के उपभोक्ता न्यायालय में वाद पेश किया गया था. इसमें सलमान खान की तरफ से भी जवाब पेश कर दिया गया था, लेकिन इस जवाब में सलमान खान के हस्ताक्षर को फर्जी बताते हुए परिवादी ने फॉरेंसिक जांच की मांग की है. इसे उपभोक्ता न्यायालय ने स्वीकार कर लिया है. साथ ही 20 जनवरी को सलमान खान को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया है.

अधिवक्ता रिपुदमन सिंह ने बताया कि 27 नवंबर 2025 को पान मसाला के विज्ञापन को लेकर इंद्र मोहन सिंह हनी ने परिवाद पेश किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि सलमान खान एक पान मसाला का विज्ञापन करते हैं. इसमें पान मसाला को केसर युक्त बताया जा रहा है, जबकि ऐसा नहीं होता है. केसर के दाम और पान मसाला के दाम में भारी अंतर है. इस भ्रामक विज्ञापन के चलते युवा भ्रमित हो रहे हैं.

इसके संबंध में सलमान खान में जवाब पेश किया है, जिसमें सलमान खान ने बताया कि वह उन पर लगाए गए आरोप से भली-भांति परिचित हैं. इस मामले में वह प्रतिवादी नंबर दो हैं. साथ ही उन्होंने आपत्ति जताई है कि वर्तमान क्षेत्राधिकार के शिकायत को विवादित बताया है. ऐसे में सलमान खान ने अपना नाम प्रतिवादी दो से विलोपित करने की मांग की है. इसको लेकर उपभोक्ता न्यायालय में सुनवाई हुई थी.

परिवादी ने सलमान के जवाब को लेकर आपत्ति दर्ज की है. इस पर उपभोक्ता न्यायालय कोटा ने अभिनेता सलमान खान को 20 जनवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया. इसके साथ ही उनके हस्ताक्षर की भी फॉरेंसिक जांच करने के निर्देश दिए हैं, जिसके लिए सलमान खान को स्वयं न्यायालय में उपस्थित होकर अपना हस्ताक्षर नमूना देने होगा. इसकी तुलना प्रस्तुत दस्तावेजों से कराई जाएगी. इस मामले में न्यायालय के आदेश के अनुसार हस्ताक्षरों की जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement
Advertisement
Advertisement