साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘नव्यचक्र’ का रुद्रपुर में आज भव्य प्रीमियर वेव सिनेमा में शाम को होगा विशेष शो, ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू

Spread the love

साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘नव्यचक्र’ का रुद्रपुर में आज भव्य प्रीमियर

वेव सिनेमा में शाम को होगा विशेष शो, ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू

रुद्रपुर। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों और स्थानीय परिवेश में फिल्माई गई बहुप्रतीक्षित साइकोलॉजिकल थ्रिलर फीचर फिल्म ‘नव्यचक्र’ का भव्य प्रीमियर आज शाम रुद्रपुर स्थित वेव सिनेमा में होगा। करीब ढाई करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी रहस्यमयी कहानी और दमदार प्रस्तुति के चलते दर्शकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है। फिल्म के विशेष प्रीमियर शो के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।

फिल्म के प्रचार-प्रसार से जुड़े पवन दूबे ने बताया कि ‘नव्यचक्र’ ऐसी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म है, जो शुरू से अंत तक दर्शकों को बांधे रखेगी। उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्माता स्थानीय हैं और इसकी अधिकांश शूटिंग रुद्रपुर समेत उत्तराखंड के विभिन्न रमणीय स्थलों पर की गई है। ऐसे में स्थानीय दर्शकों से क्षेत्रीय सिनेमा और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में फिल्म देखने की अपील की गई है।

फिल्म के निर्देशक अमित दीक्षित ने बताया कि प्रारंभ में इस कहानी को वेब सीरीज के रूप में प्रस्तुत करने की योजना थी, लेकिन इसकी कहानी और सस्पेंस की गहराई को देखते हुए इसे फीचर फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर रिलीज करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि सीमित बजट के बावजूद फिल्म का हर दृश्य दर्शकों को रोमांच और रहस्य का नया अनुभव देगा।

फिल्म की कहानी विभिन्न राज्यों में सिलसिलेवार होने वाली रहस्यमयी हत्याओं पर आधारित है। सबसे बड़ा रहस्य यह है कि मृतकों और हत्यारों के बीच कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आता। मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरता है, जिसके बाद इसकी जांच के लिए विशेष टीम गठित की जाती है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही अपराध और साजिश की परतें खुलती जाती हैं और कहानी अप्रत्याशित मोड़ लेती है।

फिल्म में युवा कलाकारों और तकनीकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सह-निर्माता अजीत पडवालकर, लेखक रोहित यादव, प्रोडक्शन हेड कुंज शर्मा तथा अभिषेक दुबे सहित पूरी टीम ने पर्दे के पीछे उल्लेखनीय कार्य किया है। मुख्य भूमिकाओं में जितेंद्र बोहरा, तुषार कावले, प्रतीक्षा सिंह और जेसिका यादव नजर आएंगे, जबकि सह-कलाकारों में क्षितिज पवार, संध्या आर. गेमावत, संदीप ओंकार और कैलाश चौधरी ने प्रभावशाली अभिनय किया है। फिल्म का संपादन सचिन रस्तोगी ने किया है।

बेहतरीन सस्पेंस, दमदार अभिनय और स्थानीय प्रतिभाओं से सजी इस फिल्म के माध्यम से दर्शकों को नए दौर के क्षेत्रीय सिनेमा का अनुभव मिलेगा। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे वेव सिनेमा पहुंचकर फिल्म का आनंद लें और स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करें।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *