### *बिसलेरी के पानी के सैंपल में मिले कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, FSSAI ने अभियोजन की दी मंजूरी*
*पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित प्लांट से लिए गए सैंपल की शुरुआती जांच और रेफरल लैब में हुई पुष्टि के बाद कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई*
पश्चिम बंगाल। बोतलबंद पानी बनाने वाली कंपनी बिसलेरी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए जाने की पुष्टि हुई है। शुरुआती जांच के बाद रेफरल लैब की रिपोर्ट में भी बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन यानी कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दे दी है।
जांच में सामने आए बैक्टीरिया की मौजूदगी पानी की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े सवाल खड़े करती है। इस मामले में नियामक की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघन को लेकर की जा रही है।
हालांकि, यह कार्रवाई संबंधित प्लांट से लिए गए सैंपल और विशेष बैच से जुड़े मामले में है। इसे कंपनी के सभी उत्पादों पर लागू मानना उचित नहीं होगा। IND24



