*आवारा पशुओं पर निगम का विशेष अभियान, 15 गौवंश गोशाला भेजे* – *महापौर विकास शर्मा ने संभाली कमान, विरोध करने वाले पशुपालक को पुलिस के सुपुर्द किया* – *अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने और चालान की कार्रवाई के निर्देश*

Spread the love

*आवारा पशुओं पर निगम का विशेष अभियान, 15 गौवंश गोशाला भेजे*

– *महापौर विकास शर्मा ने संभाली कमान, विरोध करने वाले पशुपालक को पुलिस के सुपुर्द किया*

– *अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने और चालान की कार्रवाई के निर्देश*

रुद्रपुर। शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा गौवंशीय पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। महापौर विकास शर्मा ने स्वयं अभियान की कमान संभालते हुए निगम अधिकारियों के साथ वार्ड-11 संजय नगर खेड़ा और वार्ड-38 आवास विकास क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य सड़कों पर घूम रहे 15 गौवंशीय पशुओं को पकड़कर नगर निगम की गोशाला भेजा गया।

अभियान के दौरान एक पशुपालक ने अपनी गाय को गोशाला भेजे जाने का विरोध करते हुए कार्रवाई में बाधा डालने का प्रयास किया। इस पर निगम टीम ने उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद अभियान शांतिपूर्वक जारी रहा।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने आवास विकास क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण का भी जायजा लिया। फुटपाथ और सड़क तक फैले अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि आवारा पशुओं के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की जान-माल को खतरा बना रहता है। उन्होंने पशुपालकों को चेतावनी दी कि यदि उनके पशु सड़क पर खुले घूमते मिले तो उन्हें तत्काल गोशाला भेजने के साथ संबंधित पशुपालक के खिलाफ चालान सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगर निगम की गोशाला में गौवंश के लिए चारा, पानी और सुरक्षित आश्रय की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। निगम का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि पशुओं को सुरक्षित संरक्षण देना और शहर को दुर्घटनामुक्त बनाना भी है।

महापौर ने आवास विकास क्षेत्र के पार्कों की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई और अधिकारियों को विशेष सफाई अभियान चलाने तथा पार्कों के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए।

वार्ड पार्षद एवं पार्षद संघ के अध्यक्ष राजेश जग्गा ने अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से आवारा पशुओं की समस्या से जूझ रहे थे। नगर निगम की यह कार्रवाई आम नागरिकों के लिए राहत साबित होगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

अभियान के दौरान वाहन प्रभारी गौतम सिंह, नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, वार्ड सुपरवाइजर ज्ञान सिंह, दीपक राठौर, बंटी, अभिषेक, रोहित सहित नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *