*कांवड़ मेला और चेहल्लुम को लेकर पुलिस अलर्ट, पूरे जिले में चलेगा ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’* – *एसएसपी अजय गणपति ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को दिए निर्देश*

Spread the love

*कांवड़ मेला और चेहल्लुम को लेकर पुलिस अलर्ट, पूरे जिले में चलेगा ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’*

– *एसएसपी अजय गणपति ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को दिए निर्देश*

 

रुद्रपुर। आगामी कांवड़ मेला और चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना और चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि पूरे जनपद में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों, हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और किरायेदारों का सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कांवड़ मेला और चेहल्लुम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार गश्त और प्रभावी यातायात प्रबंधन पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि साइबर सेल और स्थानीय पुलिस 24 घंटे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग करेगी। भ्रामक सूचनाएं, अफवाहें या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, किसी भी सूचना पर त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने तथा शांति समिति के सदस्यों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि कांवड़ मेला और चेहल्लुम जनपद के महत्वपूर्ण आयोजन हैं तथा इन्हें शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरा पुलिस बल हाई अलर्ट पर रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *