*खड़गे के रुद्रपुर पहुंचने पर ठुकराल ने किया स्वागत, अंगवस्त्र व तलवार भेंट कर किया अभिनंदन*

Spread the love

*खड़गे के रुद्रपुर पहुंचने पर ठुकराल ने किया स्वागत, अंगवस्त्र व तलवार भेंट कर किया अभिनंदन*

रुद्रपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को रुद्रपुर के सोनिया होटल में आयोजित कांग्रेस की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पहुंचने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान ठुकराल ने खड़गे को अंगवस्त्र और तलवार भेंट कर सम्मानित किया।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। खड़गे के रुद्रपुर आगमन को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने के साथ स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाएगी।

ठुकराल ने कहा कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े विषयों पर लोगों से संवाद करेंगे।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर की जनता से उनका लंबे समय से सीधा जुड़ाव रहा है और विधायक रहते हुए उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में उठाने के साथ जनता के बीच रहकर कार्य करने का प्रयास किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को देखते हुए पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को तैयार करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *