*_लालू-राबड़ी की Z+ सुरक्षा हटी, तेज प्रताप को सिर्फ एक बॉडीगार्ड, तेजस्वी का Y+ कवर बरकरार_*
पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. बिहार सरकार के आधिकारिक आदेश के मुताबिक, दोनों पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा वापस हटा दी गई है. वहीं तेज प्रताप यादव को छोड़कर, लालू परिवार की सुरक्षा में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
लालू-राबड़ी की Z+ की सुरक्षा खत्म: बिहार सरकार के आदेश के अनुसार, लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा हटाकर विशेष व्यवस्था की गई है. दोनों नेताओं को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा में बड़े पैमाने पर बॉडीगार्ड, हाउस गार्ड और एस्कॉर्ट शामिल थे. दोनों नेता पूर्व मुख्यमंत्री हैं, ऐसे में विशेष सुरक्षा (एसएसजी) मिलती रहेगी.
Z+ नहीं तो अब कैसी सुरक्षा मिलेगी?: राज्य सरकार के नए आदेश के मुताबिक, नई सुरक्षा व्यवस्था के तहत दोनों नेताओं को हाउस गार्ड में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के 2 से 8 जवान सुरक्षा में रहेंगे. पटना जिला बल के दो बॉडीगार्ड, बुलेट प्रूफ कार, एचक्यूआरटी के पायलट और जिला बल से एस्कॉर्ट की नियुक्ति की जाएगी. राबड़ी देवी की सुरक्षा में सादे लिबास में महिला अंगरक्षक की तैनाती रहेगी.
क्या तेजस्वी यादव की सुरक्षा में कटौती की गई?: क्या लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा में भी कटौती की गई है?. इस सवाल के जवाब में सरकार के आदेश में बताया गया है कि तेजस्वी यादव को वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा पहले की तरह जारी रहेगी.
Y+ कैटेगरी की सुरक्षा में कितने जवान?: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते अब तक तेजस्वी यादव को वाई प्लस सुरक्षा प्रदान की गई थी. जिसमें बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल के 4 जवान, पटना जिला बल के 6 बॉडीगार्ड, साथ ही पटना जिला बल के वाहन और एस्कॉर्ट पार्टी पहले की तरह नियुक्त रहेंगे.
तेज प्रताप यादव को सिर्फ एक बॉडीगार्ड: वहीं लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की सुरक्षा में भी कटौती की गई है. अब तक तेप्र प्रताप को ए कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई थी. लेकिन उनकी ए कैटेगरी की सुरक्षा हटाकर एक अंगरक्षक को नियुक्त किया गया है.
लालू परिवार के अन्य सदस्यों की सुरक्षा में बदलाब नहीं: वहीं पुलिस मुख्यालय के राज्य सुरक्षा समिति की बैठक के बाद सुरक्षा को लेकर नया आदेश जारी किया है. जिसमें कहा गया कि दोनों पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी व तेज प्रताप यादव की सुरक्षा को छोड़कर लालू परिवार के अन्य सदस्य मीसा भारती को 3 अंगरक्षक और राजश्री यादव को एक अंगरक्षक की सुरक्षा बहाल रहेगी.







