*एक सप्ताह में पूरा होगा गड्ढामुक्त सड़क अभियान, एक नवंबर से बनेंगी नई सड़कें: विकास शर्मा*
*आवास विकास में महापौर ने किया निरीक्षण, 10 करोड़ रुपये के सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित*
रुद्रपुर। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को वार्ड संख्या 38 के आवास विकास क्षेत्र में सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों को गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में गड्ढे भरने का अभियान एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद एक नवंबर से हॉटमिक्स तकनीक से नई सड़कों का निर्माण शुरू कराने की तैयारी है। इसके लिए करीब 10 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे अभियान के तहत महापौर ने मौके पर सड़क मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता परखी। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्य प्रभावित हुए थे। अब मौसम अनुकूल होने के साथ ही अभियान को गति दी जा रही है। शहर की जिन सड़कों पर गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाएगा।
महापौर ने बताया कि आवास विकास में गोल्डन एजेंसी के पीछे जग्गन ज्योति बारातघर जाने वाली सड़क, सुभाष कॉलोनी की मुख्य सड़क, गल्ला मंडी रोड और चांदना स्वीट्स के सामने की सड़क की मरम्मत भी कराई जाएगी। इसके अलावा घास मंडी, एलायंस कॉलोनी, धर्मपुर और मॉडल कॉलोनी से रेलवे स्टेशन तक की सड़कों को भी अभियान में शामिल किया गया है। स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं की ओर से जिन अन्य स्थानों पर सड़कों की खराब स्थिति की जानकारी दी गई है, वहां भी प्राथमिकता से कार्य कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल गड्ढे भरना नहीं, बल्कि शहर की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाकर नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है। एक सप्ताह में मरम्मत अभियान पूरा करने के बाद नई सड़कों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
महापौर ने बताया कि शहर के पार्कों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी जारी है। सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद डिवाइडरों को नए स्वरूप में विकसित करने के साथ आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान पार्षद राजेश जग्गा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, जतिन साहनी, गौरव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


