*रेशमबाड़ी में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे विधायक शिव अरोरा* *दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी; विधायक ने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की*

### *रेशमबाड़ी में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे विधायक शिव अरोरा*

 

*दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी; विधायक ने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की*

 

रुद्रपुर। शहर के रेशमबाड़ी क्षेत्र में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक लीलाधर के परिजन न्याय की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा भी कोतवाली पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

 

परिजनों ने विधायक को बताया कि परिवार का एक सदस्य मोटरसाइकिल से सामान लेने गया था। इस दौरान कुछ युवकों ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। चाबी वापस मांगने पर युवकों ने देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद करीब आठ से दस युवक उनके घर पहुंच गए और परिवार के लोगों पर चाकुओं से हमला कर दिया।

 

हमले में लीलाधर के भाई के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उनके पिता के मुंह पर भी चाकू से वार किया गया। लीलाधर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।

 

### पुलिस अधिकारियों से की वार्ता, जल्द गिरफ्तारी का भरोसा

 

कोतवाली पहुंचकर विधायक शिव अरोरा ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद एसपी सिटी प्रमोद कुमार से पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली। एसपी सिटी ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

 

विधायक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा से भी फोन पर वार्ता कर घटना की गंभीरता से अवगत कराया। एसएसपी ने उन्हें बताया कि पुलिस घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

 

### आपराधिक इतिहास वाले आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

 

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जानकारी के अनुसार घटना में शामिल कुछ आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और कुछ आरोपी पुराने मामलों में जमानत पर बाहर थे। ऐसे लोगों द्वारा इस प्रकार की वारदात को अंजाम देना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के आपराधिक इतिहास को ध्यान में रखते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। रुद्रपुर में इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह पुलिस और प्रशासन से लगातार पैरवी करेंगे।

 

विधायक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह उनके साथ खड़े हैं और घटना में शामिल सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

 

इस दौरान पार्षद महेंद्री शर्मा, एसपी यादव, प्रमोद मित्तल, मानव कक्कड़ सहित पुलिस अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement