*सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन के कमांडर अर्पण यदुवंशी ने संभाली नैनीताल के एसएसपी की कमान* – *धराली आपदा में 1386 लोगों को सुरक्षित निकालने और महाकुंभ में एसडीआरएफ का नेतृत्व करने का रहा अनुभव*

### *सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन के कमांडर अर्पण यदुवंशी ने संभाली नैनीताल के एसएसपी की कमान*

 

– *धराली आपदा में 1386 लोगों को सुरक्षित निकालने और महाकुंभ में एसडीआरएफ का नेतृत्व करने का रहा अनुभव*

 

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिल गया है। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

 

पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचने पर नवागत एसएसपी को सलामी गार्द ने सलामी दी। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात उन्होंने विधिवत पदभार ग्रहण किया।

 

### सिलक्यारा बचाव अभियान में निभाया अहम नेतृत्व

 

आईपीएस अर्पण यदुवंशी अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए पहचाने जाते हैं। इससे पहले वह पुलिस अधीक्षक रेलवे (जीआरपी) और पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। उत्तरकाशी में करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

इसी दौरान सिलक्यारा सुरंग हादसे में उन्हें घटना कमांडर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए उन्होंने सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के बचाव अभियान में अहम नेतृत्व प्रदान किया।

 

### धराली आपदा में 1386 लोगों का रेस्क्यू

 

उत्तरकाशी में सेवाओं के बाद अर्पण यदुवंशी ने करीब दो वर्षों तक राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के सेनानायक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। उनके नेतृत्व में प्रयागराज महाकुंभ-2025 में एसडीआरएफ की तैनाती और संचालन किया गया।

 

अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान एसडीआरएफ ने 1386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया, जबकि करीब 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया गया। उनके कार्यकाल में उत्तराखंड एसडीआरएफ को ISO 9001:2015 प्रमाणन भी प्राप्त हुआ। इसके साथ ही करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

 

### अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी किया राज्य का प्रतिनिधित्व

 

अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा करने के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एवं प्रशासन से जुड़े प्रतिष्ठित संस्थानों NCGG, LBSNAA और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आपदा प्रबंधन विषय पर व्याख्यान भी दिए।

 

उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक-2024, महाकुंभ सेवा पदक-2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, एनडीएमए की प्रशस्ति और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement