*नई नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने संभाला कार्यभार, स्वच्छता और विकास को देंगी प्राथमिकता* *महापौर विकास शर्मा, अधिकारियों और पार्षदों ने किया स्वागत; शहर की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा*

### *नई नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने संभाला कार्यभार, स्वच्छता और विकास को देंगी प्राथमिकता*

 

*महापौर विकास शर्मा, अधिकारियों और पार्षदों ने किया स्वागत; शहर की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को लेकर हुई चर्चा*

 

रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर की नवनियुक्त नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पौड़ी जनपद से स्थानांतरित होकर रुद्रपुर पहुंचीं नूपुर वर्मा का महापौर विकास शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और पार्षदों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

 

कार्यभार ग्रहण करने के बाद नगर आयुक्त ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। साथ ही नगर निगम की कार्यप्रणाली, विभिन्न विभागों की गतिविधियों और शहर में संचालित विकास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान महापौर विकास शर्मा के साथ शहर की विकास योजनाओं, स्वच्छता व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर चर्चा हुई।

 

नूपुर वर्मा इससे पूर्व पौड़ी गढ़वाल जनपद के श्रीनगर में उपजिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थीं। प्रशासनिक अनुभव के आधार पर उनसे नगर निगम के कार्यों में बेहतर समन्वय, प्रभावी प्रशासन और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और निगम से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर विशेष ध्यान रहेगा। टीम भावना के साथ शहर की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर के विकास के लिए नगर निगम की पूरी टीम एकजुट होकर कार्य कर रही है। नई नगर आयुक्त के प्रशासनिक अनुभव और सहयोग से शहर में चल रहे विकास कार्यों को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement