### *आधी रात एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने ली पुलिस अधिकारियों की बैठक, बेहतर पुलिसिंग और जवाबदेही पर जोर*
*सीसीटीवी की 24 घंटे निगरानी, पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश*
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने देर रात 12:30 बजे पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में एसएसपी ने पुलिसिंग की प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी ने अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जनपद में अधिकाधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने और स्थापित कैमरों की 24 घंटे प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने सीसीटीवी व्यवस्था का उपयोग अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की पहचान में प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में पुलिस की भौतिक मौजूदगी बढ़ाने और पुलिस प्रेजेंस को प्रभावी ढंग से दर्ज करने को कहा।
एसएसपी ने संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थानों और चौकियों में पहुंचने वाले पीड़ितों एवं फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनने के साथ उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने तथा गुमशुदगी के मामलों में तत्काल तलाश और बरामदगी के प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी धारण करने, अनुशासन बनाए रखने और पुलिस विभाग की गरिमा के अनुरूप आचरण करने की हिदायत भी दी।
एसएसपी ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई कर जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर पुलिसिंग, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और अपराध नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करें



