### *रेशमबाड़ी हत्याकांड के शेष दो नामजद आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार*
*बगवाड़ा बाईपास पर पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली; छह नामजद आरोपी गिरफ्तार*
रुद्रपुर। रेशमबाड़ी हत्याकांड में फरार चल रहे शेष दो नामजद आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बगवाड़ा बाईपास क्षेत्र में गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस रेशमबाड़ी में 26 नवंबर को हुई हत्या की घटना में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने बगवाड़ा बाईपास क्षेत्र में नामजद आरोपी प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप को पकड़ने का प्रयास किया।
इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर प्राथमिक उपचार दिलाया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी पुत्र अशोक कुमार, उम्र 22 वर्ष और प्रियांशु कश्यप पुत्र सोमपाल कश्यप, उम्र 22 वर्ष, दोनों निवासी दूधियानगर, वार्ड नंबर 13, के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, रेशमबाड़ी हत्याकांड में कार्रवाई करते हुए अब तक सभी छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



