### *पंडित राम सुमेर शुक्ल की 112वीं जयंती पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने दी श्रद्धांजलि, नौ विभूतियों को किया सम्मानित*
*राजेश शुक्ला को बताया पिता का योग्य पुत्र, कहा- जनसेवा और आदर्शों की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं*
रुद्रपुर, 28 नवंबर। तराई के संस्थापक एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल की 112वीं जयंती पर शनिवार को पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज में स्मृति समारोह आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पंडित राम सुमेर शुक्ल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली नौ विभूतियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व राज्यपाल संतोष गंगवार बस अड्डा चौराहे के समीप स्थित पंडित राम सुमेर शुक्ल पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थापित प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि तराई को बसाने और उसे व्यवस्थित स्वरूप देने में पंडित राम सुमेर शुक्ल का योगदान अविस्मरणीय है। उनका जीवन त्याग, संघर्ष और बलिदान की मिसाल रहा। उन्होंने दूरदर्शी सोच के साथ क्षेत्र के विकास, जनसेवा और समाजसेवा को प्राथमिकता दी। राज्यपाल ने कहा कि रुद्रपुर और तराई क्षेत्र से उनका पुराना आत्मीय लगाव रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने उन्हें पंडित राम सुमेर शुक्ल का योग्य पुत्र बताया। उन्होंने कहा कि राजेश शुक्ला अपने पिता के विचारों, आदर्शों और जनसेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। पिता की स्मृतियों को संजोने, उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और समाजसेवा के कार्यों में उनकी सक्रियता सराहनीय है। किसी महान व्यक्तित्व की विरासत को उसके आदर्शों और संस्कारों के माध्यम से आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि तराई को आबाद करने और पंतनगर विश्वविद्यालय की स्थापना में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के साथ उनके पिता पंडित राम सुमेर शुक्ल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित किया। उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना परिवार और समाज के लिए दायित्व है।
शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास के अनेक महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं। किच्छा में एम्स सेटेलाइट सेंटर, औद्योगिक कॉरिडोर और खुरपिया क्षेत्र में औद्योगिक विकास की योजनाएं तराई की आर्थिक तस्वीर बदलने में अहम साबित होंगी। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज भी विकास यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है।
### नौ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को किया सम्मानित
समारोह में शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान के क्षेत्र में पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. रणजीत सिंह गिल, विधि एवं न्याय के क्षेत्र में अपर महाधिवक्ता एडवोकेट सुनील खेड़ा, स्वच्छता के क्षेत्र में महापौर विकास शर्मा, व्यवसाय एवं उद्यमिता के क्षेत्र में घनश्याम श्यामपुरिया, गौसेवा के क्षेत्र में विराट आर्य, खेल के क्षेत्र में कुश्ती खिलाड़ी सविता मंडल, सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अमित श्रीवास्तव तथा पशुपालन एवं मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में किरण सिंह को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए बेस्ट टीचर सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। हाल ही में देहरादून में उच्च शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में उन्हें वाइस चांसलर ऑफ द ईयर सम्मान से नवाजा गया था।
डॉ. रणजीत सिंह गिल वर्ष 1996 से रुद्रपुर में चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं। तीन हजार से अधिक सफल सर्जरी कर चुके डॉ. गिल ने रुद्रपुर को अपनी कर्मभूमि बनाया है। गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उपचार का आर्थिक बोझ कम करने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
अपर महाधिवक्ता सुनील खेड़ा ने वर्ष 1995 में वकालत शुरू की थी। करीब तीन दशक से विधि एवं न्याय के क्षेत्र में योगदान दे रहे खेड़ा वर्तमान में उत्तराखंड उच्च न्यायालय में अपर महाधिवक्ता के पद पर कार्यरत हैं।
महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम रुद्रपुर ने स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी है। नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
घनश्याम श्यामपुरिया का परिवार वर्ष 1955 से रुद्रपुर में निवास कर रहा है। नैनीताल और दिल्ली में शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने पारिवारिक चावल उद्योग को आगे बढ़ाया और अपने व्यवसाय के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में योगदान दिया।
विराट आर्य वर्ष 2012 से गौसेवा एवं जीव संरक्षण के कार्यों में जुटे हैं। अब तक तीन हजार से अधिक गोवंश एवं अन्य प्राणियों का रेस्क्यू और उपचार कर चुके हैं। उनकी संस्था घायल एवं असहाय गोवंश को आश्रय और उपचार उपलब्ध कराने के साथ गौ एंबुलेंस का संचालन भी करती है।
राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती खिलाड़ी सविता मंडल उत्तराखंड की प्रमुख महिला खिलाड़ियों में शामिल हैं। खेल क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उन्हें अंतरराष्ट्रीय बालिका बेस्ट प्लेयर उत्तराखंड 2026-27 सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।
अमित श्रीवास्तव कोरोना महामारी के समय से एनजीओ के माध्यम से गरीबों, मजदूरों एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर रहे हैं। जरूरतमंदों को सहयोग देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों में भी सक्रिय हैं।
किरण सिंह ने पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक कृषि गतिविधियों को अपनाते हुए मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार का माध्यम बनाया है। गृहिणी होने के साथ वह मशरूम उत्पादन के जरिए परिवार को प्रतिमाह लगभग 15 हजार रुपये की आर्थिक बचत कराने में योगदान दे रही हैं। उनका प्रयास ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायी है।
समारोह में महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, सुरेश कोली, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दिनेश शुक्ला, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, केके दास, आशीष शुक्ला, मनीष शुक्ला, हिमांशु शुक्ला, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा, सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी समेत अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



