*म्यूल खातों के खिलाफ पुलिस का जागरूकता अभियान, खाताधारकों की काउंसलिंग*

*म्यूल खातों के खिलाफ पुलिस का जागरूकता अभियान, खाताधारकों की काउंसलिंग*

रुद्रपुर। साइबर ठगी में बैंक खातों, यूपीआई आईडी और मोबाइल सिम के दुरुपयोग को रोकने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने जिलेभर में विशेष जागरूकता एवं काउंसलिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस टीमों ने चिन्हित खाताधारकों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई।

पुलिस ने खाताधारकों को बताया कि साइबर ठग पैसों का लालच देकर आम लोगों के बैंक खातों, यूपीआई आईडी और सिम कार्ड का इस्तेमाल अवैध वित्तीय लेन-देन के लिए कर सकते हैं। ऐसे किसी भी प्रलोभन में नहीं आने और अपने बैंक खाते, एटीएम/डेबिट कार्ड, यूपीआई आईडी, ओटीपी तथा अन्य बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की हिदायत दी गई।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर अपने बैंक खाते, यूपीआई आईडी या सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर अपराध अथवा अवैध वित्तीय लेन-देन के लिए कराता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और संदिग्ध लेन-देन की तत्काल सूचना देने की अपील की।

साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल

पुलिस ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी होने की स्थिति में पीड़ित तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।