*SIR के बाद रुद्रपुर प्रदेश में सर्वाधिक मतदाताओं वाली विधानसभा: शिव अरोरा*
*विधायक ने निर्वाचन आयोग, BLO और भाजपा कार्यकर्ताओं का जताया आभार, बोले- SIR ने कांग्रेस के झूठे नैरेटिव को दिखाया आईना*
रुद्रपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र उत्तराखंड में सर्वाधिक मतदाताओं वाली विधानसभा बन गई है। अंतिम मतदाता सूची में रुद्रपुर में 1,73,171 मतदाता दर्ज हैं। इसे लेकर विधायक शिव अरोरा ने सोमवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर निर्वाचन आयोग, जिला निर्वाचन तंत्र, बीएलओ, भाजपा के बीएलए-1 व बीएलए-2 तथा बूथ स्तर पर कार्य करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि SIR की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और वास्तविक बनाने के लिए निर्वाचन आयोग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बूथ स्तर पर तैनात बीएलओ ने जिम्मेदारी से कार्य किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी मतदाता सूची के पुनरीक्षण में सक्रिय भूमिका निभाई।
2022 में दूसरे स्थान पर था रुद्रपुर
शिव अरोरा ने बताया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान रुद्रपुर विधानसभा में कुल 1,92,723 मतदाता थे। इनमें 1,01,967 पुरुष, 90,750 महिलाएं और छह तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे। उस समय रुद्रपुर प्रदेश में सर्वाधिक मतदाताओं वाली विधानसभा में दूसरे स्थान पर था।
उन्होंने बताया कि SIR के बाद तीन अक्टूबर 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची में रुद्रपुर विधानसभा में कुल 1,73,171 मतदाता हैं। इनमें 90,479 पुरुष, 82,689 महिलाएं और तीन तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। वर्ष 2022 की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 19,552 की कमी आई है। इसके बावजूद रुद्रपुर प्रदेश में सर्वाधिक मतदाताओं वाली विधानसभा बन गई है।
कालाढूंगी से 7,741 अधिक मतदाता
विधायक के अनुसार SIR के बाद रुद्रपुर में 1,73,171 मतदाता हैं, जबकि कालाढूंगी में 1,65,430, सहसपुर में 1,60,507, धर्मपुर में 1,50,400, डोईवाला में 1,46,980, रायपुर में 1,38,164, काशीपुर में 1,35,989, खानपुर में 1,35,727, भेल रानीपुर में 1,31,908 और ऋषिकेश में 1,25,553 मतदाता हैं। इस तरह रुद्रपुर दूसरे स्थान पर मौजूद कालाढूंगी से 7,741 मतदाताओं से आगे है।
’50 हजार वोट कम होने का दावा करने वालों के मंसूबों पर फिरा पानी’
शिव अरोरा ने SIR को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष की ओर से मतदाताओं की बड़ी संख्या में नाम काटे जाने का भ्रम फैलाया गया था। कुछ पूर्व जनप्रतिनिधियों को उम्मीद थी कि SIR के बाद रुद्रपुर में करीब 50 हजार मतदाता कम हो जाएंगे और भाजपा कमजोर होगी, लेकिन अंतिम आंकड़ों ने इस दावे को गलत साबित कर दिया।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में बड़ी संख्या में लोग सिडकुल में रोजगार और अन्य कारणों से आए थे। समय के साथ कई लोग यहां से दूसरे स्थानों पर चले गए, स्थानांतरित हो गए या उनका निधन हो गया। ऐसे मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटना मतदाता सूची के शुद्धिकरण की स्वाभाविक प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि जो लोग लंबे समय से रुद्रपुर में निवास नहीं कर रहे थे अथवा दो स्थानों पर मतदाता के रूप में दर्ज थे, उनके नाम हटना आवश्यक था।
2,309 नाम हटे, 2,675 नए मतदाता जुड़े
विधायक ने बताया कि आपत्तियों के परीक्षण के बाद 2,309 मतदाताओं के नाम हटाए गए, जबकि फॉर्म-6 और स्थानांतरण आदि की प्रक्रिया के माध्यम से 2,675 नए मतदाता जुड़े। इसके बाद अंतिम सूची में कुल 1,73,171 मतदाता दर्ज हुए हैं।
उन्होंने कहा कि SIR के बाद सामने आए आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण नियमानुसार हुआ है। मृतक, स्थानांतरित और दो स्थानों पर दर्ज मतदाताओं के नामों की जांच कर उन्हें हटाया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है।
मुख्य चुनाव आयुक्त पर विपक्ष के आरोपों पर भी साधा निशाना
मुख्य चुनाव आयुक्त पर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर शिव अरोरा ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और चुनाव संवैधानिक प्रक्रिया के तहत कराए जाते हैं। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में चुनावी प्रक्रिया को लेकर अनावश्यक सवाल खड़े किए जाते हैं, जबकि विपक्ष शासित राज्यों में इसी व्यवस्था पर सवाल नहीं उठाए जाते।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लगातार चुनावी पराजय का कारण जनता का उससे दूर होना है। जनता कांग्रेस के शासनकाल के भ्रष्टाचार और उसकी राजनीति से त्रस्त होकर भाजपा पर विश्वास जता रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।
‘रुद्रपुर भाजपा का मजबूत गढ़’
शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर भाजपा का मजबूत गढ़ है और आगामी विधानसभा चुनाव में भी पार्टी का परचम लहराएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा की विकास एवं जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
प्रेस वार्ता के अंत में विधायक ने निर्वाचन आयोग, जिला निर्वाचन तंत्र, सभी बीएलओ, भाजपा के बीएलए-1 व बीएलए-2, पार्टी पदाधिकारियों और बूथ स्तर तक जुटे कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
इस दौरान दर्जा मंत्री सुरेश कोली, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, मंडल अध्यक्ष जगदीश विश्वास, धीरेश गुप्ता, गजेंद्र प्रजापति, मयंक कक्कड़, मनोज मदान, सुनील यादव आदि मौजूद रहे।


