रुद्रपुर। भाजपा नेत्री एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना शर्मा ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम कण-कण में विद्यमान हैं और वह हमारे आराध्य हैं। हमें भगवान श्रीराम के चित्र की पूजा के साथ-साथ उनके आदर्शों और चरित्र को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
श्रीमती शर्मा शुक्रवार को रम्पुरा स्थित श्री श्री 84 घंटा शिव मंदिर में आयोजित रामलीला के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर रामलीला कमेटी के सदस्यों ने ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
इसके बाद श्रीमती शर्मा ने जगदीश कलर लैब के एमडी जगदीश टंडन, समाजसेवी एवं व्यापारी बिट्टू छाबड़ा, ठुकराल गारमेंट के एमडी जगदीश ठुकराल, विजय गुप्ता, श्रीमती सरोज रानी, भूरी कोली और यादो देवी कोली के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर तथा भगवान श्रीराम की आरती कर रामलीला का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष लालमन कोली, किशन कोली, शंकर कोली सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि श्रीमती मीना शर्मा एवं अन्य अतिथियों का माल्यार्पण कर तथा पीत वस्त्र पहनाकर स्वागत किया। कमेटी की ओर से सभी अतिथियों को श्रीराम दरबार का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में भगवान श्रीराम की लीला को लेकर उत्साह दिखाई दिया।


