*बहेड़ी से झुलाघाट तक नशा तस्करी की चेन पर पुलिस का प्रहार, छह गिरफ्तार*
*सद्दाम से पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कार्रवाई*
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरेली के बहेड़ी से लेकर पिथौरागढ़ के झुलाघाट तक सक्रिय नशा सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बहेड़ी से सस्ते दामों पर स्मैक और नशीले इंजेक्शन खरीदकर अल्मोड़ा, हल्द्वानी और पिथौरागढ़ क्षेत्र में सप्लाई करते थे।
मामले की शुरुआत 30 सितंबर को थाना पुलभट्टा पुलिस की चेकिंग के दौरान हुई। बहेड़ी और ऊधम सिंह नगर की सीमा पर संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए सद्दाम हुसैन निवासी इस्लाम नगर, बहेड़ी, बरेली के कब्जे से पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार, छह डिब्बों में रखे 150 प्रतिबंधित ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये बरामद किए थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि सद्दाम बहेड़ी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ बरेली व ऊधम सिंह नगर में नशा तस्करी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्ष 2017 में भी पुलभट्टा थाने से नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
मोबाइल चैट और कॉल डिटेल से खुली नेटवर्क की परतें
एसएसपी अजय गणपति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सद्दाम से नशीले पदार्थों की सप्लाई और उसके नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कराई। पुलिस को उसके मोबाइल फोन में व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल से अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ में सक्रिय नशा सप्लायरों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद ऊधम सिंह नगर पुलिस की टीमें संबंधित जिलों में भेजी गईं।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29 के तहत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अल्मोड़ा निवासी अक्षय, हल्द्वानी के दमुवाढूंगा निवासी सौरभ, अल्मोड़ा निवासी पीयूष, पिथौरागढ़ निवासी भूपेंद्र सिंह मेहता, अल्मोड़ा निवासी यशोदा टम्टा और झुलाघाट निवासी रवि थापा शामिल हैं।
अल्मोड़ा का अक्षय निकला नशे का सप्लायर
अल्मोड़ा के पूर्वी पोखरखाली निवासी अक्षय पुलिस के अनुसार प्रमुख नशा तस्करों में शामिल है। पूछताछ में उसने बहेड़ी से सद्दाम के जरिए स्मैक लाने और अल्मोड़ा में नशेड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक अक्षय वर्ष 2025 में आठ ग्राम स्मैक बरामद होने के मामले में अल्मोड़ा कोतवाली से जेल जा चुका है।
मेडिकल स्टोर की आड़ में स्मैक बेचने का आरोप
दमुवाढूंगा निवासी सौरभ मेडिकल स्टोर चलाता है। पुलिस के अनुसार वह दुकान से ही स्मैक की बिक्री करता था। पूछताछ में उसने बहेड़ी के सद्दाम से संपर्क होने और स्मैक व नशीले इंजेक्शन खरीदकर आगे बेचने की बात बताई। सौरभ वर्ष 2021 में छह ग्राम स्मैक बरामद होने के मामले में अल्मोड़ा से जेल जा चुका है।
पीयूष भी बहेड़ी से लाता था स्मैक
अल्मोड़ा के इंदिरा कॉलोनी निवासी पीयूष का नाम भी पुलिस ने प्रमुख नशा तस्करों में बताया है। पूछताछ में उसने बहेड़ी निवासी मुस्ताक और बाद में सद्दाम से स्मैक खरीदने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार वह कई बार एक साथ नौ से दस ग्राम स्मैक लाकर नशा करने वालों को बेचता था। वर्ष 2023 में 5.50 ग्राम स्मैक बरामद होने के मामले में वह अल्मोड़ा से जेल जा चुका है।
पिथौरागढ़ तक पहुंची बहेड़ी की सप्लाई
गड़ाईगंगोली निवासी भूपेंद्र सिंह मेहता पिथौरागढ़ में शराब की दुकान पर सेल्समैन है। पुलिस के अनुसार वह भी बहेड़ी से स्मैक खरीदकर लाता था और खुद सेवन करने के साथ अन्य लोगों को बेचता था। पूछताछ में उसने सद्दाम से संपर्क और हाल में स्मैक खरीदने की जानकारी दी।
बेटों के नशे की लत और मुकदमों के खर्च के चलते तस्करी में उतरने का दावा
अल्मोड़ा के टम्टा मोहल्ला निवासी 54 वर्षीय यशोदा टम्टा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसके दोनों बेटे नशे के मामलों में पूर्व में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में यशोदा ने बताया कि बेटों के मुकदमों का खर्च उठाने के लिए वह बहेड़ी से स्मैक और नशीले इंजेक्शन लाकर अल्मोड़ा व हल्द्वानी में बेचने लगी। पुलिस के मुताबिक उसका संपर्क सद्दाम से व्हाट्सएप चैट और कॉल के जरिए था।
झुलाघाट तक पहुंची नशे की सप्लाई
पिथौरागढ़ के झुलाघाट निवासी रवि थापा को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रवि वर्ष 2016 में देहरादून में स्मैक के मामले में जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने बहेड़ी निवासी सद्दाम से स्मैक खरीदने और झुलाघाट क्षेत्र में स्थानीय युवाओं के साथ कुछ नेपाली युवकों को भी बेचने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ और जांच के आधार पर नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि बहेड़ी से उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों तक नशे की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


