*दिनेश आर्य ने राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में दाखिल किया नामांकन* *बाल सखा शिव अरोरा बने प्रस्तावक, नामांकन के बाद गले मिले दोनों मित्र*

*दिनेश आर्य ने राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में दाखिल किया नामांकन*

*बाल सखा शिव अरोरा बने प्रस्तावक, नामांकन के बाद गले मिले दोनों मित्र*

देहरादून। भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने मंगलवार को उत्तराखंड विधानसभा में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत सांसद, मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

नामांकन प्रक्रिया में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने अपने बाल सखा दिनेश आर्य के प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए। नामांकन के बाद दोनों मित्रों ने एक-दूसरे को गले लगाकर खुशी जताई। वर्षों पुरानी मित्रता का यह भावुक दृश्य कार्यक्रम में चर्चा का विषय रहा।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि दिनेश आर्य का उत्तराखंड से राज्यसभा प्रत्याशी बनना उनके लिए व्यक्तिगत रूप से गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि दिनेश आर्य उनके बाल सखा हैं और दोनों ने लंबे समय तक संगठन में साथ काम किया है। ऐसे में उनके नामांकन में प्रस्तावक बनना उनके लिए विशेष भावनात्मक क्षण है।

चार दशक से अधिक का संगठनात्मक अनुभव

शिव अरोरा ने कहा कि दिनेश आर्य ने वर्ष 1985 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपने संगठनात्मक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थी परिषद, भाजपा युवा मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं। वह नैनीताल जिले में भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रहे। संगठन में प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक उन्होंने महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।

दिनेश आर्य 1986 से 1988 तक एबीवीपी के नैनीताल जिला संयोजक, 1988 से 1991 तक भाजपा युवा मोर्चा नैनीताल जिला मंत्री, 1992 से 1995 तक भाजपा अनुसूचित मोर्चा के नैनीताल जिलाध्यक्ष, 1996 से 1998 तक युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष और 2001 से 2002 तक अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रहे। वर्ष 2007 से 2010 तक उन्होंने भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।

राष्ट्रीय संगठन में भी उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं। वर्ष 2017 से 2021 तक वह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब प्रभारी रहे। वर्ष 2021 में उन्हें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जुड़ी जनसंपर्क संबंधी जिम्मेदारी दी गई। वर्तमान में वह राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं और उन्हें राज्यमंत्री स्तर का दर्जा प्राप्त है।

राज्यसभा में अनुभव आएगा काम

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि दिनेश आर्य का लंबे समय का संगठनात्मक अनुभव राज्यसभा में उत्तराखंड के हितों को प्रभावी ढंग से रखने में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने लंबे समय तक संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाकर कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है।

निर्विरोध निर्वाचन की संभावना पर दी अग्रिम बधाई

शिव अरोरा ने कहा कि दिनेश आर्य के अलावा अभी तक किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। ऐसे में उनके निर्विरोध राज्यसभा निर्वाचित होने की संभावना है। उन्होंने दिनेश आर्य को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका राज्यसभा जाना उनके साथ लंबे समय से संगठन में काम कर रहे कार्यकर्ताओं के लिए भी खुशी का अवसर है।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी विकास कार्यों तथा संगठन की मजबूती के आधार पर जनता के बीच जाएगी।

नामांकन के दौरान भाजपा के प्रदेश नेतृत्व समेत बड़ी संख्या में सांसद, मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। दिनेश आर्य के राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर कार्यकर्ताओं में भी उत्साह दिखाई दिया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement