*उत्तराखंड को मिली तीन नई रेल सेवाओं की सौगात*
*गरीब रथ का हरिद्वार तक विस्तार, वेरावल और ओखा के लिए भी एसी एक्सप्रेस को मंजूरी*
देहरादून। उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ ही हरिद्वार-वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार-ओखा एसी एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी प्रदान की है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इन रेल सेवाओं के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में रेल सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। नई रेल सेवाओं के संचालन और मौजूदा रेल सेवा के विस्तार से प्रदेश में आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इन रेल सेवाओं के शुरू होने से उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक आवागमन और अधिक सुगम होगा। साथ ही प्रदेश में पर्यटन, व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।


