*सच छिपाने से गुमराह हुआ वाल्मीकि समाज, सफाई कर्मचारी संघ ने समाप्त किया आंदोलन* *सड़क हादसे को हमले का रूप देकर तूल देने का आरोप, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार से काम पर लौटेंगे सफाई कर्मचारी* *महापौर समेत आंदोलन में सहयोग करने वालों का जताया आभार*

Spread the love

*सच छिपाने से गुमराह हुआ वाल्मीकि समाज, सफाई कर्मचारी संघ ने समाप्त किया आंदोलन*

*सड़क हादसे को हमले का रूप देकर तूल देने का आरोप, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार से काम पर लौटेंगे सफाई कर्मचारी*

*महापौर समेत आंदोलन में सहयोग करने वालों का जताया आभार*

रुद्रपुर। काशीपुर रोड पर भाजपा नेता के भाई की कार और स्कूटी के बीच हुई सड़क दुर्घटना के मामले में आरोपी सन्नी चुघ की गिरफ्तारी के बाद नगर निगम में सफाई कर्मचारियों का आंदोलन समाप्त हो गया। सफाई कर्मचारी संघ ने सोमवार शाम अपना पक्ष रखते हुए आरोप लगाया कि घटना की वास्तविक जानकारी समाज के लोगों से छिपाई गई और सड़क दुर्घटना को हमले का रूप देकर उन्हें गुमराह किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद संघ ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। मंगलवार से सभी सफाई कर्मचारी अपने कार्य पर लौटेंगे।

नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, सुनील रोहतगी समेत अन्य पदाधिकारियों ने वीडियो जारी कर कहा कि पिछले तीन दिनों से मामला आंदोलन का केंद्र बना हुआ था। शुरुआत में उन्हें युवकों पर हमला किए जाने की जानकारी दी गई थी। इसी आधार पर वाल्मीकि समाज के लोगों में आक्रोश उत्पन्न हुआ और आंदोलन शुरू किया गया। बाद में जांच में सामने आए तथ्यों से मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा होने की जानकारी मिली।

पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शुरुआत में ही घटना की वास्तविक जानकारी सामने रखी जाती तो मामला इतना नहीं बढ़ता। उन्होंने कहा कि घायल युवक और उसके परिवार के प्रति संगठन की पूरी संवेदना है और जरूरत पड़ने पर आगे भी उनकी हरसंभव मदद की जाएगी, लेकिन गलत तथ्यों के आधार पर समाज को गुमराह करने का समर्थन नहीं किया जा सकता।

संघ ने आरोप लगाया कि समाज के ही कुछ लोगों ने घटना की वास्तविक जानकारी छिपाकर आंदोलन को आगे बढ़ाया। पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाना था। अब आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, इसलिए आंदोलन जारी रखने का कोई औचित्य नहीं है।

समझौते की रकम को लेकर अफवाहों पर नाराजगी

सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मामले में लाखों रुपये में समझौता होने की चर्चाओं को भी अफवाह करार दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके पास कोई प्रमाण नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना प्रमाण समझौते की रकम को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मानहानि की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की कि बिना सत्यापन किसी भी सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें।

महापौर समेत सहयोगियों का जताया आभार

संघ पदाधिकारियों ने आंदोलन के दौरान सहयोग और मामले के समाधान के लिए प्रयास करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने विशेष रूप से महापौर विकास शर्मा समेत समाज के अन्य लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से मामले में समाधान की दिशा में प्रयास हुए।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद संघ ने नगर निगम में चल रहे धरने को समाप्त कर दिया है। पदाधिकारियों ने बताया कि मंगलवार से सफाई कर्मचारी अपने-अपने कार्य पर लौटेंगे और शहर की सफाई व्यवस्था पूर्व की तरह सुचारु रूप से संचालित की जाएगी। संघ ने स्पष्ट किया कि घायल युवक और उसके परिवार को भविष्य में किसी सहायता की आवश्यकता होने पर संगठन उनके साथ खड़ा रहेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *