*उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता के भूकंप से दहशत, घरों से बाहर निकले लोग*
*टिहरी के कीर्तिनगर और घनसाली में भी महसूस हुए हल्के झटके, जान-माल का नुकसान नहीं*
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल जिलों में रविवार देर रात और सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता के तेज झटके से लोगों में दहशत फैल गई। कंपन महसूस होते ही कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, दोनों जिलों में भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में भूकंप का झटका देर रात करीब 1:21 बजे महसूस किया गया। यमुना और गंगा घाटी समेत जिले के कई क्षेत्रों में लोगों ने तेज कंपन महसूस किया। भूकंप के झटके के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को फोन कर स्थिति की जानकारी लेते रहे।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी में आए भूकंप की तीव्रता 4.2 रही। भूकंप का केंद्र जमीन के करीब 10 किलोमीटर नीचे बताया गया है। इसका केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के निकट राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया।
वहीं, टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्रों में भी सोमवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक यहां भूकंप की तीव्रता 2.0 रही और इसका केंद्र करीब पांच किलोमीटर की गहराई में था। हल्के झटकों के कारण किसी बड़े प्रभाव की सूचना नहीं है।
भूकंप के बाद दोनों जिलों में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन के अनुसार अभी तक किसी भी क्षेत्र से भवनों को नुकसान पहुंचने अथवा जान-माल की क्षति की सूचना नहीं मिली है। उत्तरकाशी में तेज झटके के बाद कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।







