*धामी ने चमोली को दी 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं की सौगात* *122.69 करोड़ की पेयजल योजना का शिलान्यास, गैरसैंण में अग्निशमन केंद्र और थाने के भवन का लोकार्पण*

*धामी ने चमोली को दी 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं की सौगात*

 

*122.69 करोड़ की पेयजल योजना का शिलान्यास, गैरसैंण में अग्निशमन केंद्र और थाने के भवन का लोकार्पण*

 

गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को भराड़ीसैंण में चमोली जिले को 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, सड़क कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

 

मुख्यमंत्री ने गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ रुपये की लागत से बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भूधंसाव से सुरक्षा के कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने 12.16 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण और 22.75 लाख रुपये की लागत से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य का भी शिलान्यास किया।

 

सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 6.99 करोड़ रुपये की लागत से कुमोली-रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से फरखण्डे मोटर मार्ग तथा 5.60 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से कुमोली-रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों की आधारशिला रखी।

 

सड़क, शिक्षा और सुरक्षा सुविधाओं को मिलेगी मजबूती

 

मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण छह विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग के बछुवाबाण-चौखुटिया हिस्से का उच्चीकरण प्रमुख है। इसके साथ ही 4.37 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित सभागार भवन का लोकार्पण किया गया।

 

उन्होंने 4.03 करोड़ रुपये की लागत से सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर छह से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य तथा 2.17 करोड़ रुपये की लागत से कारगिल शहीद रणजीत सिंह आगर-जिनगोड़ मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से आठ तक सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया।

 

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अग्निशमन केंद्र भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने थाना गैरसैंण भवन का लोकार्पण किया। इन सुविधाओं से क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement