*सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर*
*पर्यावरण मित्रों समेत शहरवासियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण*
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम सभागार में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा ने किया। शिविर में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों, कर्मचारियों, पार्षदों, व्यापारियों और शहरवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य की जांच कराई।
शिविर में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने बीपी, शुगर समेत विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए। आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित खान-पान रखने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया। जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा पहुंचाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों, कर्मचारियों और शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्र शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दिन-रात मेहनत करने वाले इन कर्मचारियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि सेवा की भावना को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना चाहिए। जरूरतमंदों की मदद, स्वच्छता में योगदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्य राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प देश के सामने रखा है। यह लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही पूरा होगा। उन्होंने लोगों से सेवा और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, सहायक नगर आयुक्त रणदीप, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीयूष रंजन, राजू नबियाल, दिलीप अधिकारी, पार्षद चिराग कालरा, उमेद सिंह, मीनाक्षी, अजय कुमार, डॉ. गुरेंद्र कुमार, डॉ. दीपाली, डॉ. मीनू, रंजीत, विजय वर्मा, डॉ. शुभम, किशन लाल, प्रिया, रवि कुमार, नंदन नेगी, अंकुर, सोनू, अनुज, आशीष शर्मा, अरुण कुमार, ललित कुमार, शुभम पाल, नवीन पांडे, फूल सिंह, प्रकाश सिंह, देव सिंह, विकास कुमार, विजय सागर, सुशील कुमार, विजय पाल, गुरु सिंह, अजय कांडपाल, अनिल, छोटे लाल, राजवीर आदि मौजूद रहे।


