*खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर पार्षद के घर से लाखों की नकदी-जेवर ले उड़ा घरेलू सहायक*

*खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर पार्षद के घर से लाखों की नकदी-जेवर ले उड़ा घरेलू सहायक*

बसंत विहार। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए करीब 25 दिन पहले घर में रखा गया नेपाल निवासी घरेलू सहायक भाजपा पार्षद अमिता सिंह के परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया। खाना खाने के बाद पार्षद, उनके पति और बेटे की तबीयत बिगड़ गई और तीनों बेहोश हो गए। हालत बिगड़ने पर अमिता सिंह को सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, बसंत विहार निवासी भाजपा पार्षद अमिता सिंह की बेटी मेघा दिल्ली में रहती हैं। बताया गया कि करीब 25 दिन पहले उन्होंने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से नेपाल निवासी एक युवक को घरेलू कामकाज के लिए रखा था। आरोप है कि घटना की रात घरेलू सहायक ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद अमिता सिंह, उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।

इसी दौरान आरोपी ने घर की अलमारियों से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण निकाले और फरार हो गया। होश में आने के बाद परिवार को घर से सामान गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बसंत विहार पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पार्षद की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी घरेलू सहायक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी के मोबाइल नंबर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। घर से गायब नकदी और आभूषणों की कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस आरोपी की घटना के दौरान गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

इसके अलावा पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घरेलू सहायक को रखने से पहले उसकी पहचान, पते और पुलिस सत्यापन से संबंधित दस्तावेजों की जांच किस स्तर पर की गई थी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement