*अरब सागर में 3 हजार करोड़ की ड्रग्स पकड़ी, पांच पाकिस्तानी गिरफ्तार*
*526 किलो हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद, भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस की संयुक्त कार्रवाई*
नई दिल्ली। नशे के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस ने अरब सागर में बड़ी कार्रवाई की है। लक्षद्वीप के पश्चिम में संदिग्ध ईरानी धौ से करीब 526 किलो हाई-ग्रेड हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब तीन हजार करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान नाव में सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी हिरासत में लिया गया है।
खुफिया इनपुट के आधार पर भारतीय तटरक्षक बल ने अरब सागर में संदिग्ध नाव की निगरानी शुरू की थी। समुद्र और हवाई माध्यम से लगातार निगरानी के बाद 25 सितंबर को टीम ने संदिग्ध ईरानी धौ का पीछा कर उसे रोका। इसके बाद तटरक्षक बल के जवानों ने नाव पर सवार पांच लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुए।
कार्रवाई के बाद नाव, पांचों पाकिस्तानी नागरिकों और जब्त नशीले पदार्थों को सुरक्षा घेरे में मुंबई लाया गया। यहां विभिन्न एजेंसियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, समुद्री रास्ते से भारत में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई है।
तटरक्षक बल ने एक्स पर दी जानकारी
भारतीय तटरक्षक बल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्रवाई की जानकारी साझा की। बल के मुताबिक, गुजरात एटीएस और केंद्रीय खुफिया एजेंसी के साथ संयुक्त इंटेलिजेंस-लेड ऑपरेशन के तहत लक्षद्वीप के पश्चिम में अरब सागर में संदिग्ध ईरानी नाव की पहचान की गई। लगातार ट्रैकिंग और पीछा करने के बाद नाव पर सामरिक तरीके से चढ़कर तलाशी ली गई। इस दौरान 526 किलो हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद हुई, जिसकी कीमत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
तटरक्षक बल ने कहा कि समुद्री सीमाओं की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध तथा ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


