*खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैवलर पुलिया से गिरी, आठ की मौत, 12 घायल*

*खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैवलर पुलिया से गिरी, आठ की मौत, 12 घायल*

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार तड़के दिल्ली-मुंबई आठ लेन एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। समलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया इंटरचेंज के पास श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गिर गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के भोपाल से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, ट्रैवलर में करीब 25 लोग सवार थे। शनिवार तड़के कराड़िया इंटरचेंज के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिसके चलते ट्रैवलर पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को कोटा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरजीत शंकर ने बताया कि हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में से सात की पहचान कर ली गई है, जिनमें पांच मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के निवासी हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य नीलेश जैन ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। वहीं, जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके उपचार की स्थिति का जायजा लिया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement