*हिंदू रक्षा दल जिलाध्यक्ष को बाइक सवार हमलावरों ने मारी गोली*
*कंधे को छूकर निकली गोली, मेले में हुए विवाद से जोड़कर जांच कर रही पुलिस*
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में मंगलवार शाम बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान पर फायरिंग कर दी। गोली उनके कंधे को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार पनियाला गांव निवासी विशाल चौहान पुत्र प्रवीण चौहान मंगलवार शाम कार से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली लगने से विशाल घायल होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ ही हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात मेले के दौरान विशाल चौहान और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी। मंगलवार को हुई फायरिंग की घटना को पुलिस इस विवाद से जोड़कर भी जांच कर रही है। घायल विशाल चौहान ने एक राजनीतिक दल से जुड़े दो नेताओं के समर्थकों पर उन्हें गोली मरवाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सोमवार रात हुए विवाद के दौरान उन्हें धमकी भी दी गई थी। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी सिविल अस्पताल पहुंचे और हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी है।


