*समूह गान प्रतियोगिता में जेसीज पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन*
*हिंदी और संस्कृत वर्ग में प्रथम, ओवरऑल भी विद्यालय ने हासिल किया पहला स्थान*
रुद्रपुर। भारत विकास परिषद की विवेकानंद एवं वीर सावरकर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर रुद्रपुर में आयोजित राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता में जेसीज पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिंदी और संस्कृत दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय ने ओवरऑल प्रथम स्थान भी हासिल किया।
प्रतियोगिता में शहर के छह प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल में सुजाता नारंग, रक्षिता और रितेश मनोचा शामिल रहे।
जेसीज पब्लिक स्कूल के ध्रुव वैष्णव, रिदिमा कोहली, साई वैभव जोशी, आयुष्मान चौबे, हिमानी मल्लिक, मौलिक मदान और आराध्या सक्सेना ने हिंदी एवं संस्कृत में प्रभावशाली समूह गान प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भाषाई दक्षता, सांस्कृतिक समझ और देशभक्ति की भावना का प्रभावी प्रदर्शन किया।
भारत विकास परिषद की राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 1967 में हुई थी, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर इसका आयोजन वर्ष 1975 से किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मूल्यों, देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की भावना विकसित करना है।
विद्यालय के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता भारतीय भाषाओं और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी।
विद्यालय के निदेशक, प्रधानाचार्य, हेडमिस्ट्रेसेज और समस्त जेसीज परिवार ने विजेता विद्यार्थियों एवं उनके शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


