*श्री श्याम होम्स कॉलोनी के 18 परिवारों के आशियाने बचे, विधायक शिव अरोड़ा को लड्डुओं में तौलकर जताया आभार* *खुशी से झूम उठे कॉलोनीवासी, महिलाओं और बच्चों की आंखों में छलके खुशी के आंसू*

Spread the love

*श्री श्याम होम्स कॉलोनी के 18 परिवारों के आशियाने बचे, विधायक शिव अरोड़ा को लड्डुओं में तौलकर जताया आभार*

*खुशी से झूम उठे कॉलोनीवासी, महिलाओं और बच्चों की आंखों में छलके खुशी के आंसू*

रुद्रपुर। श्री श्याम होम्स कॉलोनी के 18 मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए रविवार का दिन राहत और खुशियों से भरा रहा। करीब एक वर्ष से न्यायालय के आदेश के बाद इन परिवारों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की आशंका बनी हुई थी। जीवनभर की जमा पूंजी से बनाए आशियानों के उजड़ने के डर से परिवारों में चिंता और भय का माहौल था। ऐसे संकट के समय कॉलोनीवासियों ने रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा से अपने घर बचाने की गुहार लगाई।

विधायक शिव अरोड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया और प्रस्तावित कार्रवाई को रुकवाने के साथ जिला प्रशासन से लगातार वार्ता की। उन्होंने परिवारों के पक्ष को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखते हुए मामले के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए। विधायक के प्रयासों और जिला प्रशासन के सहयोग से अब कॉलोनी के सभी 18 परिवारों के आशियाने सुरक्षित हो गए हैं।

घर बचने की खुशी में कॉलोनीवासियों ने माता का जागरण एवं विधायक शिव अरोड़ा के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया। कॉलोनी पहुंचने पर विधायक का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। लंबे समय बाद घर सुरक्षित होने की खुशी लोगों के चेहरों पर साफ दिखाई दी। महिलाएं और बच्चे भावुक नजर आए, वहीं कॉलोनीवासियों ने नाच-गाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

इस दौरान कॉलोनीवासियों ने विधायक शिव अरोड़ा को लड्डुओं में तौलकर आभार जताया। विधायक भी लोगों की खुशी में शामिल हुए और उनके साथ जमकर थिरके। इससे कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया।

विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि प्रभावित परिवारों के पास मकानों की रजिस्ट्री, बिजली के बिल और हाउसिंग लोन से संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं। अचानक बुलडोजर कार्रवाई की स्थिति उत्पन्न होने से परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया था। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। उन्होंने कहा कि परिवारों की पीड़ा को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए मामले के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए।

उन्होंने कहा कि 18 परिवारों के घर बचाना उनके लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी थी। मध्यमवर्गीय परिवार के लिए घर सिर्फ ईंट-पत्थर की इमारत नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, सपनों और बच्चों के भविष्य से जुड़ा होता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन तथा जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया समेत जिला प्रशासन के सहयोग से मामले का सकारात्मक समाधान संभव हो सका।

विधायक ने कहा कि जनता की समस्या को अपनी समस्या समझकर उसका समाधान कराना उनका संकल्प है। क्षेत्र के विकास और जनसेवा के कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

कॉलोनीवासियों ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि संकट की घड़ी में उनका साथ मिलना उनके लिए बड़ी राहत रहा। घर सुरक्षित होने से परिवारों में फिर से खुशियां लौट आई हैं और बच्चों के चेहरों पर मुस्कान आई है।

कार्यक्रम में कुमार राजेंद्र, लक्ष्मीकांत शुक्ला, प्रभु दयाल शर्मा, हरप्रीत सिंह, विपिन चौहान, राजू अधिकारी, गेमंद चौधरी, प्रदीप ठाकुर, दीनानाथ झा, रमित चावला, अमित कक्कड़, सचिन मुंजल, कार्तिक कक्कड़, वीरेंद्र सीडाना समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *