*नारी सम्मान पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर : राजेश शुक्ला* *कथित ऑडियो प्रकरण में ठुकराल के वॉइस सैंपल को लेकर उठाए सवाल, कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब*

### *नारी सम्मान पर कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर : राजेश शुक्ला*

 

*कथित ऑडियो प्रकरण में ठुकराल के वॉइस सैंपल को लेकर उठाए सवाल, कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब*

 

किच्छा। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा से जुड़े कथित ऑडियो प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ओर नारी सम्मान और महिला अस्मिता की बात करती है, वहीं दूसरी ओर अपने राजनीतिक हितों के चलते अपनी ही वरिष्ठ महिला नेत्री की आपत्तियों को नजरअंदाज कर रही है। यह कांग्रेस के दोहरे राजनीतिक चरित्र को दर्शाता है।

 

अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में शुक्ला ने कहा कि वह इस प्रकरण में किसी को दोषी अथवा निर्दोष घोषित नहीं कर रहे हैं, बल्कि चाहते हैं कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आए। राजकुमार ठुकराल संबंधित ऑडियो को एआई जनरेटेड बताते हुए अपनी आवाज होने से इनकार कर चुके हैं, जबकि मीना शर्मा लगातार ऑडियो में उनकी आवाज होने का दावा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मीना शर्मा करीब एक वर्ष पूर्व भी इस मामले में शिकायत दर्ज करा चुकी हैं और ठुकराल को कांग्रेस में शामिल किए जाने के दौरान भी उन्होंने अपनी आपत्ति जताई थी।

 

शुक्ला ने कहा कि पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजकुमार ठुकराल को वॉइस सैंपल देने के लिए डेढ़ महीने के भीतर दो बार कहा जा चुका है। ऐसे में यदि ऑडियो एआई जनरेटेड है, तो वॉइस सैंपल देने में परेशानी क्यों हो रही है? उन्होंने कहा कि जांच में सहयोग करने से मामले की सच्चाई सामने आएगी और संदेह दूर होंगे।

 

उन्होंने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से सवाल करते हुए कहा कि जो नेता अक्सर नारी अस्मिता और महिला सम्मान की बात करते हैं, उन्हें इस प्रकरण पर भी अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए। कांग्रेस नेतृत्व को आगे आकर राजकुमार ठुकराल का वॉइस सैंपल दिलाने की पहल करनी चाहिए, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।

 

शुक्ला ने जैनी प्रकरण का उल्लेख करते हुए भी कांग्रेस की नैतिक जिम्मेदारी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब संबंधित महिला सामने आकर आरोप लगा चुकी हैं, तो कांग्रेस नेतृत्व को निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में पहल करनी चाहिए थी। महिला सम्मान के मुद्दे पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार अलग-अलग रवैया अपनाना उचित नहीं है।

 

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शब्दों की मर्यादा और महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति के खिलाफ लगाए गए आरोपों का निर्णय जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होना चाहिए। महिला सम्मान केवल राजनीतिक भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दलों के आचरण में भी दिखाई देना चाहिए। कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने आचरण और निर्णयों पर आत्ममंथन करना चाहिए।

 

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement