### *होली चाइल्ड स्कूल में उत्सव 2.0 का भव्य आयोजन, बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों व मॉडलों से दिखाई प्रतिभा*
– *वार्षिक मेले और शैक्षिक प्रदर्शनी में कला, विज्ञान, सामाजिक अध्ययन व रोबोटिक्स के मॉडल बने आकर्षण*
रुद्रपुर। होली चाइल्ड स्कूल के प्रांगण में रविवार को वार्षिक मेला एवं शैक्षिक प्रदर्शनी उत्सव 2.0 का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गायन, कला-कौशल और विज्ञान व रोबोटिक्स के मॉडल के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव, संस्कृति और नवाचार का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. कमल नंदवानी, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर एवं सीईओ द मेडिसिटी रुद्रपुर मौजूद रहे। वहीं विशेष अतिथियों में गुरु मां एंटरप्राइजेज के प्रबंध निदेशक चिराग ढींगरा, मां भगवती ट्रेडर्स के प्रबंध निदेशक पंकज बत्रा और सुपर क्रॉकरी स्टूडियो की प्रबंध निदेशक चारु अरोड़ा शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के स्वागत के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मधुर गायन की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मंच पर बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
मेले और प्रदर्शनी में खेलों के स्टॉल, आर्ट एंड क्राफ्ट, विज्ञान, सामाजिक अध्ययन तथा रोबोटिक्स के मॉडल विशेष आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडल के माध्यम से रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवीन विचारों को प्रस्तुत किया। नन्हे बच्चों के लिए बनाए गए किड्स जोन में भी खूब उत्साह देखने को मिला। इसके अलावा खानपान के स्टॉल और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने आयोजन को उत्सवमय बना दिया।
विद्यालय के संरक्षक योगराज बत्रा, चेयरमैन रोहिताश बत्रा, वाइस चेयरमैन विकास बत्रा, एमडी पूजा बत्रा, विनय बत्रा, प्रधानाचार्य मिंटू दुबे, उपप्रधानाचार्य-अकादमिक प्रदीप कुमार जोशी और उपप्रधानाचार्या-शैक्षणिक मंजू अधिकारी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को विद्यार्थियों की प्रतिभा, टीमवर्क, रचनात्मकता और विद्यालय की सामूहिक भावना का प्रतीक बताया।



