महापौर ने जिला अस्पताल में की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा – स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जानी समस्याएं – मुख्यमंत्री से मिलकर समाधान कराने का दिया आश्वासन

Spread the love

महापौर ने जिला अस्पताल में की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

– स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जानी समस्याएं

– मुख्यमंत्री से मिलकर समाधान कराने का दिया आश्वासन

 

रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने रविवार को जिला चिकित्सालय पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बैठक में अधिकारियों ने अस्पताल से जुड़ी कई समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का उन्होंने भरोसा दिलाया।

 

बैठक के दौरान महापौर ने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा अस्पताल आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. एम.के. तिवारी ने अस्पताल में संसाधनों की आवश्यकता, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा आधारभूत व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। महापौर ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, जबकि शासन स्तर से संबंधित मामलों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों और इलाज के लिए लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार चिकित्सा संस्थानों के सुदृढ़ीकरण, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती तथा स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।

 

उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय जनपद का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, इसलिए यहां संसाधनों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से रखी गई समस्याओं और मांगों को लेकर वह शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे तथा उनके त्वरित समाधान का प्रयास करेंगे।

 

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, प्रमुख अधीक्षक डॉ. एम.के. तिवारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह, विश्व स्वास्थ्य संगठन से डॉ. मीनाक्षी सुमन, पंकज गुंसाई, नन्द लाल, प्रदीप महर, हेम चन्द्र पंत, दीपा जोशी, अरुण बघेल, भैरव दत्त सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *