डीपीएस रुद्रपुर के सात निशानेबाज राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई
*निशानेबाजी में डीपीएस रुद्रपुर की बड़ी उपलब्धि, सात खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर चयनित*
रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रुद्रपुर के सात निशानेबाजों ने 45वीं प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ ही उत्तराखंड का भी गौरव बढ़ा है।
17 अगस्त से दो सितंबर तक देहरादून स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 10 मीटर एयर पिस्टल और 50 मीटर पिस्टल स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में कक्षा 10 के जस्करण सिंह, गुनकार सिंह संधू व अजीत सिंह रंधावा, कक्षा पांच के वेदांत चौधरी तथा कक्षा 11 की प्रभलीन कौर, आंशी रौतेला और वृद्धि अग्निहोत्री शामिल हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य चेतन सिंह चौहान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, डीपीएस रुद्रपुर में खेलों के लिए उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिल रहे हैं। विद्यालय परिवार ने सभी चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।


