*नीलकंठ धाम में नगर निगम ने लगाए नीम के पौधे*
*शिव कॉरिडोर क्षेत्र में 200 पौधे लगाने का लक्ष्य, महापौर ने शहरवासियों से की पौधों के संरक्षण की अपील*
रुद्रपुर। शहर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से शैलजा फार्म कॉलोनी स्थित श्री नीलकंठ धाम मंदिर परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। महापौर विकास शर्मा और ट्री मैन पंत के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर शिव कॉरिडोर क्षेत्र में 200 नीम के पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के दौरान महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ ही उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। बढ़ते तापमान और गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार समय की आवश्यकता है। नीम के पेड़ पर्यावरण को बेहतर बनाने के साथ ही लोगों को छाया भी प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में नीलकंठ धाम परिसर के किनारे नीम के पौधे लगाए जा रहे हैं। इस अभियान को नगर निगम की टीम, पार्षदों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा।
महापौर ने बताया कि नगर निगम की ओर से डिजिटल लाइब्रेरी क्षेत्र में भी पौधारोपण किया गया है। शहर को हरा-भरा बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
महापौर ने कहा कि जिन लोगों के पास नीम के पौधे लगाने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध है, वे नगर निगम की टीम या संबंधित पार्षदों से संपर्क कर सकते हैं। नगर निगम की ओर से पौधे उपलब्ध कराने और अभियान में सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही रुद्रपुर को फिर से हरा-भरा बनाया जा सकता है।
इस दौरान दर्जा मंत्री सुरेश कोली, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा, नीलकंठ धाम के संरक्षक पवन गाबा (पल्ली), वार्ड संख्या 38 के पार्षद राजेश जग्गा, ब्राह्मण सभा के पंडित मुकेश वशिष्ठ सहित अन्य पार्षद, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


