संजय, वाल्मीकि व मस्जिद कॉलोनी के निवासियों के हितों की रक्षा की मांग
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात
खटीमा/पंतनगर। पंतनगर की संजय कॉलोनी, वाल्मीकि कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी के निवासियों के हितों की रक्षा को लेकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने क्षेत्रवासियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वर्षों से इन बस्तियों में रह रहे परिवारों के हितों की रक्षा करते हुए कॉलोनियों को यथावत बनाए रखने और किसी भी प्रकार की उजाड़ने की कार्रवाई न किए जाने की मांग उठाई।
राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री को बताया कि इन कॉलोनियों में रहने वाले अनेक परिवार लंबे समय से अपने घर बनाकर निवास कर रहे हैं। उनका रोजगार, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जीवन इन्हीं बस्तियों से जुड़ा है। ऐसे में किसी भी कार्रवाई से पहले मानवीय पहलुओं और जनभावनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं और चिंताएं रखते हुए अनुरोध किया कि इस मामले में संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि किसी भी परिवार को विस्थापन जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामले में सभी तथ्यों और नियमों का परीक्षण कर न्यायोचित, मानवीय और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा के लिए उचित निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे।







