दिल्ली-जींद रेलखंड पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का सफल ट्रायल
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए दिल्ली-जींद रेलखंड पर देश की पहली हाइड्रोजन-संचालित ट्रेन का सफल परीक्षण किया है। ‘नमो ग्रीन रेल’ नाम से विकसित इस 10 कोच वाली डीईएमयू (DEMU) ट्रेन को चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) ने पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार किया है।
यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है, जिसके संचालन के दौरान धुएं या हानिकारक गैसों के स्थान पर केवल जलवाष्प का उत्सर्जन होता है। इसे भारतीय रेलवे की हरित ऊर्जा एवं कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।
फाइनल ट्रायल के दौरान ट्रेन को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से चलाकर इसके विभिन्न तकनीकी मानकों का परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान आपातकालीन ब्रेकिंग प्रणाली की कार्यक्षमता, उच्च गति पर ट्रेन की स्थिरता, कंपन के स्तर तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार परीक्षण सफल रहा और सभी प्रमुख तकनीकी मानक निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन आधारित रेल तकनीक की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है। भविष्य में इस तकनीक के विस्तार से रेलवे को अधिक पर्यावरण-अनुकूल और ऊर्जा-कुशल बनाने में मदद मिलेगी।







