अजय गणपति की रणनीति रंग लाई, 16 लाख की स्मैक समेत दो शातिर सलाखों के पीछे

Spread the love

16 लाख रुपये की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल तक सप्लाई का खुलासा

एएनटीएफ-एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, लाखों की स्मैक बरामद

ऊधमसिंहनगर में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी चोट

16 लाख की स्मैक, तीन मोबाइल और बाइक बरामद, दो तस्कर सलाखों के पीछे

 

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 52.08 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, नकदी तथा अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी द्वारा नेपाल तक स्मैक की सप्लाई किए जाने का भी खुलासा हुआ है। पुलिस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत शुक्रवार को एएनटीएफ/एसओजी रुद्रपुर एवं कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम चौकी कलकत्ता फार्म क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूर्य नगर गेट नंबर-5 के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान सचिन सिंह के पास से 41.02 ग्राम तथा सुखविंदर सिंह के पास से 11.06 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने नशा तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी द्वारा नेपाल के लोगों को भी स्मैक की आपूर्ति किए जाने की जानकारी मिली है, जिसके आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय सचिन सिंह निवासी बिठोरा मझोला, नानकमत्ता (मूल निवासी थाना हजारा, पीलीभीत) तथा 19 वर्षीय सुखविंदर सिंह निवासी गुरुनानक नगरी, सितारगंज के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऊधमसिंहनगर को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *