*सज्जन कुमार के महिमामंडन पर भड़का आक्रोश, कांग्रेस का पुतला फूंका*

Spread the love

*सज्जन कुमार के महिमामंडन पर भड़का आक्रोश, कांग्रेस का पुतला फूंका*

रुद्रपुर। वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार के निधन के बाद कांग्रेस नेताओं की ओर से की गई कथित प्रशंसा को लेकर सिख समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। सोमवार को बाटा चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं और सिख समाज के लोगों ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पार्टी का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सिख समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के जख्म आज भी सिख समाज के दिलों में ताजा हैं। जिन परिवारों ने अपनों को खोया और जिनके घर उजड़े, उनके दर्द को समझने के बजाय कांग्रेस नेताओं द्वारा सज्जन कुमार की प्रशंसा किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयानों से सिख समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

शिव अरोड़ा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा सज्जन कुमार को दोस्त और बड़ा भाई बताना, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा उन्हें रोल मॉडल बताना तथा दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव द्वारा उनकी प्रशंसा किया जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से पूछा कि 1984 के दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए व्यक्ति को कांग्रेस नेता दोस्त, बड़ा भाई और रोल मॉडल क्यों बताते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि 1984 के दंगों से जुड़े मामलों में पीड़ित परिवारों को न्याय के लिए लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा। कांग्रेस पर दंगों के आरोपियों के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को अपने नेताओं के बयानों पर स्पष्टीकरण देना चाहिए और सिख समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सिख समाज के सम्मान, संघर्ष और बलिदान के साथ मजबूती से खड़ी है।

दर्जा मंत्री सुरेंद्र सिंह नामधारी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान 1984 की हिंसा के पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसे हैं। उन्होंने कहा कि सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताना बेहद संवेदनहीन बयान है। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को अपने बयानों के लिए सिख समाज से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि 1984 के दंगों की पीड़ा से पूरा देश परिचित है। ऐसे मामले में दोषी ठहराए गए व्यक्ति की प्रशंसा करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान पुराने जख्मों को कुरेदने का काम कर रहे हैं।

दर्जा मंत्री रामपाल सिंह ने भी कांग्रेस नेताओं के बयानों की निंदा करते हुए कहा कि 1984 में जिन परिवारों ने अपनों को खोया, उनके दर्द को समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से अपने नेताओं के बयानों पर जवाब देने और सिख समाज से माफी मांगने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 1984 के पीड़ितों के जख्मों पर राजनीति नहीं, बल्कि न्याय और सम्मान की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सज्जन कुमार के महिमामंडन को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनिल चौहान, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, अमित नारंग, राकेश सिंह, रोशन अरोरा, प्रीत ग्रोवर, संदीप बाजवा, अरविंद चीमा, किरण विर्क, अनमोल विर्क, नवजोत ढिल्लो, लड्डी ढिल्लों, दिलजोत, रमन सिंह, बलविंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, हरसिमरन सिंह, इकबाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, मोर सिंह, सुशील यादव, शंकर विश्वास, सुनील चौहान, अक्षय गहलोत, राज कोली, मयंक कक्कड़, जीतेंद्र संधू, मनीष गोस्वामी, डंप्पी चोपड़ा सहित भाजपा कार्यकर्ता और सिख समाज के लोग मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *