अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार मोबाइल लूटकर फरार हुए थे आरोपी, घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद

अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

मोबाइल लूटकर फरार हुए थे आरोपी, घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद

रुद्रपुर, 4 जून। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अवैध वसूली और रंगदारी के जरिए डंपर चालकों में दहशत फैलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सरोवरनगर निवासी फईम अहमद ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया था कि 1 जून को उसका भाई वरीस अहमद रुद्रपुर से घर लौट रहा था। इसी दौरान मसीत गांव जाने वाले मार्ग पर विकास सागर अपने साथियों अमित सागर, प्रदीप दिवाकर और गोलू कोटिया के साथ कार में पहुंचा और वरीस को जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने उसका ओप्पो मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी विकास सागर शिकायतकर्ता के भाई को पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई का भय दिखाकर प्रतिमाह करीब 35 हजार रुपये की अवैध वसूली करता था। पुलिस का कहना है कि लूटे गए मोबाइल फोन में आरोपी के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद थे, जिन्हें छिपाने के उद्देश्य से मोबाइल छीना गया था।

मामले में कोतवाली गदरपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर डिवाइन सिटी कॉलोनी, छतरपुर, रुद्रपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर विकास सागर, अमित सागर और प्रदीप दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर गुलरभोज फ्लाईओवर के पास झाड़ियों से लूटा गया ओप्पो ए-78 मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मोबाइल का सिम कार्ड तोड़ दिया था और फोन को फॉर्मेट कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया था।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलैनो कार संख्या यूके06बीएच-8088 भी कब्जे में ले ली है। इसके अलावा आरोपियों के पास से अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में विकास सागर निवासी सरस्वती इन्क्लेव, भुरारानी रोड रुद्रपुर, अमित सागर निवासी प्रीत विहार कॉलोनी रुद्रपुर तथा प्रदीप दिवाकर निवासी रम्पुरा वार्ड नंबर-21 रुद्रपुर शामिल हैं। वहीं गोलू कोटिया नामक आरोपी अभी फरार है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अवैध वसूली, रंगदारी और गुंडागर्दी जैसी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन और वाहन चालकों को भय दिखाकर धन उगाही करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement