*भड़काऊ भाषण के आरोप में मुफ्ती मुजीब गिरफ्तार*  *बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर मदरसों को लेकर दिए गए बयान का वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा*

Spread the love

*भड़काऊ भाषण के आरोप में मुफ्ती मुजीब गिरफ्तार*

*बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर मदरसों को लेकर दिए गए बयान का वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा*

 

रुद्रपुर। बारावफात के जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर मदरसों को बंद करने के मुद्दे को लेकर कथित रूप से भड़काऊ भाषण देने के आरोप में पुलिस ने रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया है। इंटरनेट मीडिया पर भाषण का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पूछताछ के बाद शुक्रवार देर रात उसकी गिरफ्तारी की गई।

जानकारी के अनुसार बुधवार को रुद्रपुर में बारावफात का जुलूस निकाला गया था। इस दौरान त्रिशूल चौक पर एक सभा का आयोजन किया गया था। गुरुवार को सभा में दिए गए भाषण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा। वीडियो में मुफ्ती मुजीब मदरसों को लेकर बयान देते हुए दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि भाषण के दौरान उन्होंने मदरसों के संबंध में कोई निर्णय लेने से पहले विचार करने की बात कही। वीडियो में वह यह कहते हुए भी दिखाई दे रहे हैं कि मदरसों में लोगों को तालीम दी जाती है और किसी पर जुल्म, ज्यादती अथवा चोरी नहीं करने की शिक्षा दी जाती है। इसके साथ ही उन्होंने मदरसों को बंद किए जाने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी दिए जाने संबंधी बातें भी कहीं।

वीडियो में मुफ्ती मुजीब ईदगाह की जमीन वापस करने की मांग करते हुए भी नजर आ रहे हैं। वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुफ्ती मुजीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।

इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। रम्पुरा चौकी प्रभारी के अनुसार पूछताछ के बाद शुक्रवार देर रात मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *