*कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे पूर्व विधायक, कोतवाल से हुई तीखी नोकझोंक*
सितारगंज। मारपीट के एक मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को पूर्व विधायक नारायण पाल ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे। इस दौरान कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों और पूर्व विधायक के बीच बहस हो गई। बातचीत के दौरान पूर्व विधायक नारायण पाल और कोतवाल सुंदरम शर्मा के बीच भी तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार पूर्व विधायक ग्रामीणों के साथ मारपीट के मामले में आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप था कि मामले में पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना था कि घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा चुका है और प्रकरण में नए कानून के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इसी दौरान कोतवाल सुंदरम शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायक को बताया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई चल रही है और प्रकरण क्षेत्राधिकारी के स्तर पर विचाराधीन है। क्षेत्राधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि बातचीत के दौरान पूर्व विधायक द्वारा कोतवाल को ‘तुम’ कहकर संबोधित किए जाने पर कोतवाल सुंदरम शर्मा ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बातचीत मर्यादित तरीके से की जानी चाहिए और जिस प्रकार वह पूर्व विधायक से बात कर रहे हैं, उसी प्रकार उनसे भी बात की जाए। इसके बाद दोनों के बीच कुछ देर तक तीखी बहस हुई।
कोतवाल ने स्पष्ट किया कि मारपीट के मामले में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है और क्षेत्राधिकारी की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कोतवाली परिसर में पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।











