*जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : धामी*
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा स्थित लोहियाहेड हेलीपैड पर आम जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता से परीक्षण कर उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसमस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। आमजन की समस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से सीधे संवाद के माध्यम से स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, रणजीत सिंह नामधारी, रणदीप पोखरिया, अमित पांडेय, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।











