*डीपीएस में एसएसपी अजय गणपति ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक* *यातायात नियमों के पालन और नशा मुक्ति का भी दिया संदेश, जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए किया प्रेरित*

*डीपीएस में एसएसपी अजय गणपति ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक*

 

*यातायात नियमों के पालन और नशा मुक्ति का भी दिया संदेश, जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए किया प्रेरित*

 

रुद्रपुर, 28 अक्टूबर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), रुद्रपुर में बुधवार को कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ऊधम सिंह नगर अजय गणपति (आईपीएस) ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन और नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने की अपील की।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर और वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। अपने संबोधन में एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट और सोशल मीडिया जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में डिजिटल दुनिया में सतर्कता बरतना और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा करना बेहद जरूरी है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लिंक, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन गेमिंग के जाल, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और डिजिटल वित्तीय धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

 

एसएसपी ने कहा कि किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसके बारे में जरूर सोचें, क्योंकि व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की भी सीख दी। साथ ही नशे से दूर रहने और नशा मुक्ति अभियान से जुड़कर समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद, योग और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों को आईएएस, आईपीएस सहित अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं में जाकर राष्ट्र सेवा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

 

कार्यक्रम के बाद एसएसपी ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेजर गार्डन, एरोबिक्स एवं खेल सुविधाओं और शूटिंग रेंज का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय की आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, खेल गतिविधियों, अनुशासित वातावरण और नवाचार आधारित शिक्षण व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि डीपीएस रुद्रपुर में आधुनिक शिक्षा, खेल संस्कृति, अनुशासन और संस्कारों का बेहतर समन्वय देखने को मिलता है।

 

विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि डिजिटल युग में विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा की जानकारी बेहद जरूरी है। विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ ही विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, तकनीकी दक्षता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना है।

 

वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर ने कहा कि आधुनिक तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यों के लिए इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और डिजिटल नैतिकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने एसएसपी अजय गणपति और ऊधम सिंह नगर पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement