सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पर बोले पीएम मोदी, आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का नया उदाहरण
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि 28-29 सितंबर को भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की थी। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे हो रहे हैं और इस कार्रवाई ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को दुनिया के सामने नए रूप में प्रस्तुत किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने बार-बार स्पष्ट किया है कि आतंकवादियों की ओर से देश पर हमला करने की कोशिश का करारा जवाब दिया जाएगा।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए कहा कि जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि अब तक 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है।


