*एसआईआर के विरोध में पंजाब कांग्रेस का प्रदर्शन, चुनाव आयोग कार्यालय की ओर कूच*

*एसआईआर के विरोध में पंजाब कांग्रेस का प्रदर्शन, चुनाव आयोग कार्यालय की ओर कूच*

चंडीगढ़। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ पंजाब कांग्रेस ने शुक्रवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता चुनाव आयोग कार्यालय की ओर कूच करने के लिए निकले। प्रदर्शन में सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, परगट सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस का कहना है कि पंजाब में विधानसभा चुनाव तक एसआईआर की प्रक्रिया को रोक दिया जाना चाहिए। पार्टी ने मांग की है कि विधानसभा चुनाव मौजूदा मतदाता सूचियों के आधार पर कराए जाएं और पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए।

प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया प्रभावित की जा रही है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने के साथ ही एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग भी की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement